शाहजहांपुर : मंदिर परिसर में दो साधुओं की हत्या कर शव जलाने का आरोप, आरोपी फरार
मंदिर में रहने को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित कीं तीन टीमें
शाहजहांपुर । खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव स्थित मंदिर परिसर में दो सेवादारों की हत्या कर उनके शव जलाए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। दो साधुओं की हत्या की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी।


जानकारी के अनुसार, शहर के अजीजगंज मोहल्ला निवासी गोपाल दास कई वर्षों से सूथा गांव स्थित मंदिर परिसर में सेवादार के रूप में रह रहे थे। वहीं, गांव के ही दूसरे मंदिर में रहने वाले बाबा बिहारी दास भी करीब एक महीने पहले गोपाल दास के साथ रहने लगे थे।
मंदिर में रहने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में गांव के ही सुमित सिंह का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि सुमित का दोनों सेवादारों के पास आना-जाना था। वह करीब एक महीने पहले ही जेल से बाहर आया था और मंदिर परिसर में रहना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों सेवादारों के साथ उसका कई बार विवाद हुआ था।
ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार रात भी मंदिर परिसर में रहने और वहां कब्जे को लेकर सुमित सिंह की दोनों सेवादारों से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद देर रात दोनों की हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उनके शवों को जलाने का प्रयास किया गया।
आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस की तीन टीमें
घटना के बाद से सुमित सिंह फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी के व्यवहार को लेकर लोग उससे दूरी बनाकर रखते थे। उसकी जमानत कराए जाने के दौरान भी ग्रामीणों की ओर से विरोध किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि शुरुआती जांच में गांव के ही सुमित सिंह का नाम सामने आया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
दो सेवादारों की हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

