सोनभद्र पुलिस की बड़ी सफलता, संगठित मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, राजस्थान का वांछित तस्कर गिरफ्तार
सोनभद्र (जनवार्ता)! रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और थाना एएचटी की संयुक्त टीम ने मानव तस्करी के एक बड़े संगठित गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एक नाबालिग पीड़िता को काम के झांसे में फंसाकर बेचने वाले मुख्य अभियुक्त शिव सिंह उर्फ रामलाल को ग्राम पवर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में अभियुक्त ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उसने पीड़िता को नौकरी दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले जाया। फिर उसे आगरा और अलीगढ़ ले जाकर गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर मात्र 1 लाख 20 हजार रूपये में बेच दिया। पीड़िता को अलग-अलग जगहों पर रखकर उसके साथ बार-बार जबरन शारीरिक शोषण किया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई। यह जघन्य अपराध एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कुशल मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा थाना एएचटी प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह और प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की गई। टीम में शामिल उपनिरीक्षक रणजीत सिंह, हेड कांस्टेबल अमरजीत यादव और धनंजय यादव की सराहनीय भूमिका रही।
अभियुक्त शिव सिंह उर्फ रामलाल (45 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 50, कच्ची सराय, थाना निहालगंज, जिला धौलपुर (राजस्थान) के विरुद्ध मुकदमा संख्या 177/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस अन्य सहयोगियों की तलाश में तेजी से छानबीन कर रही है।
यह कार्रवाई मानव तस्करी और नाबालिग शोषण के खिलाफ सोनभद्र पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति को मजबूती देती है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

