सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
विकास कार्यों में अनियमितता, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर सरकार पर साधा निशाना
सोनभद्र (जनवार्ता)। भाजपा सरकार के कथित विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि विकास कार्यों का प्रचार तो बड़े स्तर पर किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है।


प्रदर्शन के दौरान सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली से जुड़ी समस्याएं बढ़ी हैं। उन्होंने दवाओं की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम लोगों पर स्वास्थ्य खर्च का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के कथित विकास का घड़ा अब भर चुका है।
सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कृपा शंकर चौहान ने आरोप लगाया कि संविधान विरोधी कार्यों और वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर जनता में नाराजगी है। उन्होंने एसआईआर के जरिए धांधली किए जाने का भी आरोप लगाया।
सपा नगर अध्यक्ष सरदार पार ब्रह्म सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाकर हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, बिजली की महंगाई और हर घर जल-नल योजना को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन में अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष लल्लू भारती, जुनैद अंसारी, रमेश यादव, जंग बहादुर गिरी, सुरेश अग्रहरी और राजमणि खरवार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

