सब्जी लदी पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत
दो जिगरी दोस्तों की मौत,सगाई वाले घर में पसरा मातम
वाराणसी (जनवार्ता) । बड़ागांव थाना क्षेत्र के गजापुर गांव के पास रविवार सुबह करीब 6:15 बजे सब्जी लदी पिकअप और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, शेरवानीपुर निवासी सतीश (23) और पतेर गांव निवासी मूलचंद (25) घनिष्ठ मित्र थे। दोनों एक ही बाइक से टेंट का काम करने जा रहे थे। इसी दौरान कछवा सब्जी मंडी से सब्जी लेकर पिंडरा जा रही पिकअप से गजापुर के पास उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना के बाद दोनों युवक वाहन में फंस गए और कुछ दूरी तक घसीटते चले गए। शोर मचने पर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटना में शामिल वाहन चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूलचंद विवाहित था और उसका एक वर्ष का पुत्र है। हादसे की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी मुस्कान का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ तब और टूट पड़ा, जब जिस दिन हादसा हुआ उसी दिन उसकी सबसे छोटी बहन सुमन की सगाई होनी थी। घर में जहां मेहमानों के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहीं बेटे की मौत की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
दूसरी ओर, सतीश अविवाहित था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता जगरनाथ ने बताया कि सतीश वाहन चलाने के साथ खाली समय में टेंट का काम भी करता था। ग्राम प्रधान नागेंद्र ने बताया कि एक दिन पहले ही सतीश बीमा संबंधी कागजात भरकर गया था और अगले दिन रुपये लेकर आने की बात कही थी, लेकिन सुबह उसकी मौत की दुखद सूचना मिली।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे। दो जिगरी दोस्तों की एक साथ हुई असमय मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

