काशी में बनेगा भव्य अर्बन हाट, कारीगरों और दुकानदारों को मिलेगा बड़ा बाजार
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में स्थानीय कारीगरों, बुनकरों और दुकानदारों को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार एक भव्य अर्बन हाट विकसित करने जा रही है। इस परियोजना के जरिए बनारस की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और खान-पान को एक ही परिसर में वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी की जा रही है।
वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) की ओर से चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल परिसर में लगभग 7,517 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अर्बन हाट विकसित किया जाएगा। VDA के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि यहां बनारसी साड़ी, लकड़ी के खिलौने, धातु शिल्प, गुलाबी मीनाकारी समेत विभिन्न जीआई टैग उत्पादों की दुकानें स्थापित की जाएंगी, जिससे स्थानीय कारीगर सीधे अपने उत्पाद बेच सकेंगे और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध होगा।
परियोजना के तहत परिसर में 26 हस्तशिल्प दुकानें, 15 व्यावसायिक दुकानें और 10 फूड किओस्क विकसित किए जाएंगे। फूड जोन में बनारस के पारंपरिक व्यंजन और भारतीय खान-पान का स्वाद भी पर्यटकों को मिलेगा। इसके अलावा हेल्प डेस्क, सार्वजनिक शौचालय और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह अर्बन हाट वरुणा नदी के निकट स्थित होगा और खजुरी कॉलोनी, पांडेयपुर, नदेसर, चौकाघाट, अर्दली बाजार, जगतगंज तथा चेतगंज जैसे प्रमुख इलाकों से आसानी से जुड़ा रहेगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र बनेगा।
अर्बन हाट की डिजाइन काशी की पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय पर आधारित होगी। मुख्य प्रवेश द्वार पर “अर्बन हाट वाराणसी” अंकित किया जाएगा, जो इसे विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान देगा।
सरकार का मानना है कि यह परियोजना केवल बाजार नहीं बल्कि काशी की जीवंत संस्कृति, परंपरा और लोक कला को प्रदर्शित करने वाला एक सांस्कृतिक केंद्र बनेगी। इससे स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।


