अतिक्रमण मुक्त होते ही फिर घिरने लगा पांचों पांडवा मंदिर परिसर
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर स्थित पांचों पांडवा मंदिर परिसर एक बार फिर अतिक्रमण की चपेट में आता दिखाई दे रहा है। करीब एक माह पहले नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के साथ साफ-सफाई कराई थी। कार्रवाई के बाद परिसर की बदली तस्वीर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी थी।


स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की कार्रवाई के कुछ ही समय बाद दोबारा अतिक्रमण की कोशिश शुरू हो गई है। यदि समय रहते इसे नहीं रोका गया तो आने वाले दिनों में मंदिर परिसर फिर से अतिक्रमण की गिरफ्त में आ सकता है और अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जे की स्थिति बनना संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।

लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि मंदिर परिसर में दोबारा अतिक्रमण न होने दिया जाए और नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि धार्मिक स्थल की व्यवस्था और सुंदरता बरकरार रह सके।

