मांडवी तालाब पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया श्रमदान व पौधारोपण
वाराणसी (जनवार्ता) । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र स्थित मांडवी तालाब (मंडुआडीह) पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान करते हुए झाड़ू लगाई और स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर आयोजित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पंकज चौधरी ने पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही सफल हो सकते हैं तथा प्रत्येक नागरिक को इन अभियानों से जुड़ना चाहिए।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक तिवारी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान के दौरान तालाब परिसर की साफ-सफाई की गई तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया गया।

