परंपरागत मार्गों से ही निकलेंगे ताजिए: पुलिस आयुक्त

परंपरागत मार्गों से ही निकलेंगे ताजिए: पुलिस आयुक्त

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न

वाराणसी (जनवार्ता)। आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने की। बैठक में धर्मगुरुओं, इमामों, ताजियेदारों, सिविल डिफेंस के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

rajeshswari

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि मुहर्रम का पर्व पूरी गरिमा एवं परंपरागत ढंग से मनाया जाएगा तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि ताजिए केवल पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं तथा ताजियों के साथ किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन न किया जाए। साथ ही डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि जनपद में सभी पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होते रहे हैं और मुहर्रम भी उसी परंपरा के अनुरूप मनाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को ताजिया मार्गों की साफ-सफाई, चूने का छिड़काव, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था तथा लटकते बिजली के तारों को समय रहते दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, अपर जिलाधिकारी (नगर) पंकज कुमार, डीसीपी गौरव वंशवाल, डीसीपी नीतू कादयान, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ताजियेदार एवं जनपद की विभिन्न मस्जिदों के इमाम उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़े   मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में कार्यशाला संपन्न
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *