शिवपुर में आवारा कुत्तों के विवाद में क्रॉस एफआईआर

शिवपुर में आवारा कुत्तों के विवाद में क्रॉस एफआईआर

पशु क्रूरता बनाम गंदगी और धमकी के आरोप, महिला ने एयरगन से फायरिंग का लगाया आरोप

वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र की जगन्नाथपुरी कॉलोनी में आवारा कुत्तों को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक पक्ष ने कुत्तों पर एयरगन से फायर करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने कुत्तों से गंदगी फैलाने और धमकी देने की शिकायत की है।
जगन्नाथपुरी निवासी आकांक्षा सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पड़ोसी सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा ने 18 और 19 अगस्त को मोहल्ले के दो कुत्तों पर एयरगन से फायर किया। इससे दोनों कुत्ते गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपों के समर्थन में उन्होंने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। उन्होंने मामले में पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दूसरे पक्ष सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक अविनाश सिन्हा ने आरोप लगाया कि आकांक्षा ने बिना पंजीकरण पांच-छह कुत्ते पाल रखे हैं। उनके अनुसार कुत्ते कॉलोनी में गंदगी फैलाने के साथ लोगों पर हमला करते हैं। 18 अगस्त की रात कुत्तों को भगाने को लेकर आकांक्षा और उनके पति ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
शिवपुर थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद कॉलोनी में तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से कुत्तों के समुचित प्रबंधन और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   सराफा दुकानों में अब चेहरा ढककर नहीं खरीद सकेंगे गहने
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *