जीवनदीप में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत वाद-विवाद प्रतियोगिता का हुआ आयोजित
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ा लालपुर स्थित जीवनदीप महाविद्यालय में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को एक भव्य वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और देश को नशा मुक्त बनाने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।
प्रतिभाशाली छात्रों ने मारी बाजी

जीवनदीप शिक्षण संस्थान की वॉइस चेयरमैन डॉ. अंशु सिंह द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद आयोजित हुई वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपने विचार रखे। प्रतियोगिता में
बीएफए की आर्या सिंह प्रथम, बी.कॉम की आराध्या मिश्रा द्वितीय और बीसीए के अंकित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. पायल श्रीवास्तव और डॉ. कल्पना चतुर्वेदी ने निभाई, जिन्होंने प्रतिभागियों के तर्कों और प्रस्तुतीकरण की सराहना की। संस्थान की वॉइस चेयरमैन डॉ. अंशु सिंह ने सभी को प्रेरित करते हुए कहा:
”आज हम एकजुट होकर, नशा मुक्त भारत अभियान के तहत यह प्रतिज्ञा लेते हैं कि न केवल अपने समुदाय, परिवार और दोस्तों को, बल्कि खुद को भी नशा मुक्त बनाएंगे। परिवर्तन हमेशा भीतर से शुरू होता है, इसलिए आइए मिलकर अपने भारत को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लें।” कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के कई वरिष्ठ प्राध्यापकों और प्रभारियों का विशेष योगदान रहा। इस मौके पर प्रतियोगिता संरक्षक डॉ. नंदा द्विवेदी, महाविद्यालय के प्राचार्य, कार्यक्रम प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह, ललित कला विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार सिंह, पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार और खेल-कूद प्रशिक्षक डॉ. राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और स्वयंसेवक उपस्थित थे।

