रेलवे ट्रैक पर सिर कटा मिला शव, पत्नी ने चार पर लगाया अपहरण-हत्या का आरोप
चौबेपुर (जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पूरनपट्टी गांव में पुरानी कहासुनी को लेकर सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही रिकु गुप्ता ने तीन साथियों के साथ मिलकर शिवकुमार गुप्ता का अपहरण किया, सिर काटा और शव रेलवे पटरी पर लिटाकर हत्या को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।पीड़ित पत्नी पायल गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि रिकु गुप्ता से पति की पुरानी रंजिश थी और वह पहले भी जान से मारने की धमकी देता था। 10 अगस्त की रात रिकु घर आया, गालियां दीं और कहा ,कल का सूरज नहीं देख पाओगे। किसी तरह मामला शांत किया, लेकिन आधे घंटे बाद लघुशंका को बाहर निकले पति अचानक गायब हो गए।

रात में पीड़ित ने मुंबई में रहने वाले अपने जेठ राजकुमार गुप्ता को फोन कर बताया रिकू, सुनील, अशोक और गौतम मुझे पकड़कर ले जाना चाहते हैं, अगर कुछ हो तो पुलिस में रिपोर्ट करना।” इसके बाद फोन बंद हो गया। करीब 1 बजे फोन मिला तो ट्रेन की आवाजें सुनाई दीं। परिजन जब रेलवे ट्रैक पर पहुंचे तो शिवकुमार का सिर कटा शव पड़ा था, शरीर पर अन्य कोई चोट नहीं थी।
मौके से पीड़ित और आरोपी रिकु गुप्ता के दो मोबाइल मिले। रिकु का मोबाइल उसके बाबा के बेटे लव गुप्ता (बड़कू) ने लेकर फरार होने की कोशिश की। पत्नी ने आरोप लगाया कि सभी ने सुनियोजित तरीके से अपहरण कर हत्या की और शव पटरी पर लिटाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। वहीं थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

