मेंटल हॉस्पिटल रोड की जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग
नगर आयुक्त को सौंपा गया प्रार्थना पत्र
वाराणसी (जनवार्ता)। पांडेयपुर स्थित मेंटल हॉस्पिटल रोड के स्थानीय निवासियों एवं चिकित्सीय संस्थानों से जुड़े लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नगर आयुक्त से तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की है। इस संबंध में नगर निगम को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर बरसात शुरू होने से पहले आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।


प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के लिए कुछ समय पूर्व सड़क की खुदाई की गई थी। सीवर कार्य पूरा होने के बावजूद सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, जिससे पूरी गली गड्ढों में तब्दील हो गई है और आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त मार्ग पर वेदांता हॉस्पिटल, बालाजी हार्ट सेंटर तथा बालाजी किडनी सेंटर समेत कई चिकित्सीय संस्थान स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें हृदय रोग, अस्थि रोग, किडनी रोग, न्यूरो एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज भी शामिल होते हैं।
नागरिकों ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण मरीजों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के गिरकर घायल होने का खतरा लगातार बना हुआ है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाएगी।
प्रार्थना पत्र में नगर आयुक्त से मांग की गई है कि जनहित एवं मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क का तत्काल निरीक्षण कराकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों और मरीजों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

