नीट 2026 पेपर लीक पर दिशा संगठन के छात्रों का प्रदर्शन
वाराणसी (जनवार्ता): नीट 2026 पेपर लीक और परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में दुर्गाकुंड स्थित दिशा छात्र संगठन ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया।

संगठन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए एनटीए, सरकार और प्रशासन पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2015, 2021 और 2024 के बाद अब 2026 में भी पेपर लीक हो गया, जिससे 22 लाख छात्रों का सालों का परिश्रम बर्बाद हो गया।
दिशा के ध्रुव ने कहा कि एनटीए की अक्षमता स्पष्ट है, फिर भी उसे परीक्षाएं कराने की जिम्मेदारी दी जा रही है। मुकुल ने छात्रों, खासकर गरीब और महिला छात्रों की दयनीय स्थिति पर प्रकाश डाला। ज्ञान ने मांग की कि एनटीए से तुरंत परीक्षाओं की जिम्मेदारी छीन ली जाए और पेपर लीक माफिया, अधिकारियों व नेताओं पर सख्त कार्रवाई हो।
दिशा छात्र संगठन (बीएचयू इकाई) के संयोजक ध्रुव ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष करेंगे।

