मालगाड़ियों में ट्रेन मैनेजर की तैनाती की मांग को लेकर ट्रेन चालकों का प्रदर्शन

मालगाड़ियों में ट्रेन मैनेजर की तैनाती की मांग को लेकर ट्रेन चालकों का प्रदर्शन

वाराणसी (जनवार्ता)। मालगाड़ियों में पुनः ट्रेन मैनेजर की ड्यूटी बहाल करने समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को ट्रेन चालकों ने लहरतारा स्थित पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित गेट मीटिंग के दौरान किया गया।

rajeshswari


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से सामान्य परिस्थितियों में भी बिना ट्रेन मैनेजर के मालगाड़ियों का संचालन कराया जा रहा है, जो सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से इस व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाने और ट्रेन मैनेजर के साथ सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की।
रेलकर्मियों ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में ट्रेनों की संख्या लगातार बढ़ी है, लेकिन इसके अनुरूप रिक्त पदों पर भर्ती नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि खाली पदों को शीघ्र भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि कर्मचारियों पर कार्यभार कम हो और संचालन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।


सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिना ट्रेन मैनेजर के मालगाड़ियों का संचालन न केवल रेलकर्मियों की सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण है, बल्कि इससे रेल परिचालन की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर त्वरित समाधान निकालने की अपील की।


प्रदर्शन के दौरान रेलकर्मियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष लालजी यादव, मंडल मंत्री केपी यादव सहित बड़ी संख्या में लोको रनिंग स्टाफ कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
रेलकर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन को कर्मचारियों की सुरक्षा, कार्य परिस्थितियों और रेल परिचालन की विश्वसनीयता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

इसे भी पढ़े   फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले 8 सदस्य गिरफ्तार

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *