मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण

मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण

गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य पर दिया जोर

वाराणसी (जनवार्ता)। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 198 बेड के निर्माणाधीन अस्पताल भवन सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में मानकों के अनुरूप कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

rajeshswari

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्यों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण किसी उच्च स्तरीय संस्थान से कराने तथा निर्माण सामग्री जैसे सरिया, सीमेंट, बालू और गिट्टी की समय-समय पर गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माण कार्य स्वीकृत डीपीआर एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने पर बल दिया।

उन्होंने निर्माणाधीन भवनों को ब्लॉकवार तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे चरणबद्ध तरीके से भवनों का उपयोग शुरू किया जा सकेगा। अस्पताल के पूर्वी दिशा में स्थित संकरे मार्ग को चौड़ा कराने के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजने तथा ट्रामा सेंटर की ओर जाने वाले मार्ग की मरम्मत और समतलीकरण कराने के भी निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने मानसिक चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन गर्ल्स हॉस्टल का भी निरीक्षण किया और वहां भी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा आगामी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ करने की है, इसलिए सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

इसे भी पढ़े   गंगा दशहरा पर शीतला घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

निरीक्षण के दौरान दमानी ग्रुप की चेयरमैन शर्मिला पई, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कौशल कुमार सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *