कैंट स्टेशन : मालगाड़ी की बोगी पर चढ़ा युवक
उतारने के दौरान जीआरपी सिपाही घायल
वाराणसी (जनवार्ता)। कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक खड़ी मालगाड़ी की बोगी पर चढ़कर अर्धनग्न अवस्था में बैठ गया। तेज धूप के बावजूद युवक करीब आधे घंटे तक बोगी के ऊपर बैठा रहा। घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक केवल अंडरवियर पहने हुए मालगाड़ी की बोगी पर चढ़ गया और ऊपर ही बैठा रहा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, जबकि कुछ लोग उसका वीडियो बनाने में जुटे रहे। गनीमत रही कि युवक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान जीआरपी के सिपाही अरुण कुमार अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
इसके बाद पुलिस के तीन से चार जवान बोगी पर चढ़े और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। प्रारंभिक जांच में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हुआ। उसके पास कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिले। पूछताछ के दौरान वह अपना नाम और पता भी स्पष्ट रूप से नहीं बता सका।
जीआरपी थाना प्रभारी रजोल नागर ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। उसकी पहचान कराने तथा परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

