बारिश में पुराने मकान का छज्जा गिरा, बुजुर्ग महिला की मौत
वाराणसी (जनवार्ता)। सेवापुरी क्षेत्र के कपसेठी थाना अंतर्गत बेलवा गांव में बुधवार तड़के भारी बारिश के दौरान पुराने मकान का छज्जा गिरने से उसके नीचे सो रही 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, बेलवा गांव निवासी इमरता देवी (74), पत्नी स्व. सिंगार चौहान, रोज की तरह घर के बाहर छज्जे के नीचे सो रही थीं। भोर में तेज बारिश के बीच अचानक जर्जर छज्जा भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कपसेठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

