30 हजार रुपये रिश्वत लेते बिजली विभाग का क्लर्क गिरफ्तार
एंटी करप्शन टीम ने एक्सईएन कार्यालय में मारा छापा, रंगे हाथ दबोचा गया आरोपी
वाराणसी (जनवार्ता)। एंटी करप्शन संगठन वाराणसी की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक क्लर्क को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सौरभ जैन के रूप में हुई है, जो मंडुवाडीह क्षेत्र के मड़ौली स्थित अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) कार्यालय में तैनात था।


जानकारी के अनुसार, आरोपी क्लर्क पर उपभोक्ता के बिजली बिल में हेरफेर कर कम भुगतान का बिल जनरेट कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित उपभोक्ता ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
बताया गया कि जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 30 हजार रुपये दिए, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम और पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना लालपुर-पांडेयपुर लाया गया, जहां एंटी करप्शन इंस्पेक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

