कचहरी क्षेत्र को जाम से मिलेगी राहत
मल्टीलेवल पार्किंग का सीपी ने किया शुभारंभ
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर के व्यस्ततम कचहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने जिला कचहरी के समीप निर्मित अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन किया।


इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नई पार्किंग व्यवस्था शुरू होने से कचहरी रोड पर लंबे समय से लगने वाले जाम की समस्या में काफी राहत मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि इससे क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव लगभग 80 प्रतिशत तक कम होने की संभावना है।
नई मल्टीलेवल पार्किंग में 200 से अधिक चार पहिया तथा करीब 300 दोपहिया वाहनों के एक साथ खड़े होने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पार्किंग परिसर को सीसीटीवी कैमरों, फायर सेफ्टी सिस्टम तथा 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था से सुसज्जित किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, कचहरी आने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आम नागरिकों को अब सड़क किनारे वाहन खड़े करने की समस्या से राहत मिलेगी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर भी रोक लग सकेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी सहित अधिवक्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

