अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में ‘विकास भी, विरासत भी’ की दिखी झलक

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में ‘विकास भी, विरासत भी’ की दिखी झलक

बरेका के विद्युत रेल इंजनों के मॉडल बने आकर्षण का केंद्र

वाराणसी । नई दिल्ली के प्रगति मैदान में 14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में भारतीय रेल मंत्रालय की ओर से ‘विकास भी, विरासत भी’ की आकर्षक झलक प्रस्तुत की जा रही है। मेले में भारतीय रेल मंडप के माध्यम से देश की गौरवशाली रेल विरासत, आधुनिक तकनीक, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। इसमें बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) द्वारा निर्मित विद्युत रेल इंजनों के आकर्षक मॉडल आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

rajeshswari

भारतीय रेल मंडप में बरेका की ओर से यात्री गाड़ी में उपयोग होने वाले डब्ल्यूएपी-7 विद्युत रेल इंजन और मालगाड़ी में उपयोग होने वाले डब्ल्यूएजी-9 विद्युत रेल इंजन के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इसके साथ ही विदेशों को निर्यात किए जाने वाले रेल इंजनों के मॉडल भी रखे गए हैं। ये मॉडल बरेका की आधुनिक विनिर्माण क्षमता, तकनीकी दक्षता, आत्मनिर्भरता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय रेल की बढ़ती पहचान को प्रदर्शित कर रहे हैं।

भारतीय रेल मंडप के बाहरी हिस्से में राजस्थान की समृद्ध स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए जैसलमेर अमृत भारत रेलवे स्टेशन की आकर्षक संरचना प्रदर्शित की गई है। इसमें पारंपरिक वास्तुकला के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं और नवीनतम तकनीक का समन्वय दिखाया गया है। इसके अलावा अंजी पुल, मोकामा में नई दोहरी रेल लाइन वाले पुल, बुलेट ट्रेन क्षेत्र, देश की पहली अर्ध उच्च गति रेलगाड़ी वंदे भारत, अमृत भारत एक्सप्रेस और वंदे भारत शयनयान रेलगाड़ी के मॉडल भी आगंतुकों को आकर्षित कर रहे हैं।

इसे भी पढ़े   पिंडरा पावर हाउस में लगा मेगा बिजली बिल समाधान शिविर

मंडप में लगाई गई संवादात्मक पर्दों पर भारतीय रेलवे की गौरवशाली विरासत, आधुनिक तकनीकी उपलब्धियों और विकास परियोजनाओं से संबंधित चलचित्र प्रदर्शित किए जा रहे हैं। बच्चों के लिए रोचक प्रश्नोत्तरी की व्यवस्था भी की गई है, जिसके माध्यम से वे भारतीय रेल की नई उपलब्धियों, तकनीक और भविष्य की परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

इस अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने आगंतुकों को भारतीय रेल की उपलब्धियों, बरेका की उत्पादन क्षमता, रेल इंजन निर्माण और निर्यात संबंधी गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। तकनीकी एवं उत्पादन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता आलोक कुमार सिंह, मुख्य कर्मशाला प्रशिक्षक (विद्युत) एसके पांडेय, मुख्य कर्मशाला प्रशिक्षक (फिटर) वीरेंद्र कुमार और मुख्य कर्मशाला प्रशिक्षक (फिटर) अवधेश कुमार का विशेष सहयोग रहा।

भारतीय रेल का यह मंडप देश की गौरवशाली विरासत के संरक्षण, आधुनिक तकनीकी नवाचार और विकसित भारत के निर्माण में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर रहा है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *