जीआरपी कैंट : अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य को किया गिरफ्तार, नगदी व जेवर बरामद
वाराणसी (जनवार्ता)। जीआरपी कैंट पुलिस ने रेलवे स्टेशन और प्लेटफार्मों पर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 11 हजार रुपये नगद और एक पीली धातु की अंगूठी बरामद की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म और सर्कुलेटिंग एरिया में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर-9 के पूर्वी छोर काशी साइड स्थित लाइन के किनारे से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान कृष्ण कुमार पुत्र महेंद्र सिंह निवासी अशरफगढ़, थाना जिंद, जिला जिंद (हरियाणा) के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी से संबंधित 11 हजार रुपये नगद और एक अंगूठी बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि बरामद सामान जीआरपी कैंट में दर्ज मुकदमा संख्या 90/26 एवं 113/26 से संबंधित है। आरोपी के खिलाफ धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले भी लूट और चोरी के मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुखबीर सिंह, हेड कांस्टेबल अश्वनी कुमार सिंह, राजबीर राम, कांस्टेबल दीपक कुमार तथा आरपीएफ सीआईबी के एएसआई राकेश सिंह सहित अन्य जवान शामिल रहे।

