वाराणसी: जैतपुरा के सरैया में भीषण सड़क हादसा, दो की मौत
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर के जैतपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैया इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन और ऑटो के बीच हुई जोरदार टक्कर में यह हादसा हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरैया क्षेत्र में एक ऑटो सवारियां लेकर जा रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

