रामनगर में लावारिस ट्रक से 90 हजार रुपये की अवैध शराब बरामद
वाराणसी( जनवार्ता)। रामनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक लावारिस ट्रक से बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक से ब्लू लाइम ब्रांड की कुल 1,125 पाउच अवैध देशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत रामनगर थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लंका मैदान से कटरिया की ओर जाने वाली सड़क पर एक ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा है और उसमें अवैध शराब लदी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाशी ली। इस दौरान ट्रक का चालक मौके पर मौजूद नहीं मिला।
तलाशी के दौरान ट्रक से 23 पेटी, जिनमें प्रत्येक पेटी में 200 एमएल के 45 पाउच, और अतिरिक्त 90 पाउच बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कुल संख्या 1,125 पाउच है। बरामद शराब की कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में रामनगर थाने में मुकदमा संख्या 0201/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद ट्रक और शराब के संबंध में आगे की जांच कर रही है, साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, पंकज मिश्रा, हरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रवींद्र सिंह और आरक्षी ओमप्रकाश यादव शामिल रहे।

