50 लाख रुपये के गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
ट्रक में कोयले के नीचे छिपाकर ले जा रहा था खेप
वाराणसी (जनवार्ता)। एसटीएफ उत्तर प्रदेश की प्रयागराज फील्ड इकाई ने मिर्जापुर में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर गांजे की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 198 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी ट्रक में कोयले के नीचे गांजा छिपाकर ओडिशा से प्रयागराज की ओर ले जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शाकिर बक्स पुत्र महबूब आलम, निवासी न्यू आनंद नगर, अधारताल पंप हाउस, कुंडम रोड, जबलपुर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। एसटीएफ की टीम ने 19 सितंबर को दोपहर करीब 12:15 बजे मड़िहान-मिर्जापुर रोड स्थित बेला मंदिर के पास ट्रक संख्या MP 28 H 4005 को रोककर तलाशी ली। ट्रक में कोयले के नीचे भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।
कार्रवाई में 198 किलो गांजा के अलावा एक अशोक लीलैंड ट्रक, मोबाइल फोन और 750 रुपये नकद बरामद हुए। कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण तथा निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में की गई। टीम ने मड़िहान क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम कुरैशी को साथ लेकर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत ट्रक की तलाशी ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रायगढ़, ओडिशा से गांजा लाकर प्रयागराज और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचने वाले गिरोह से जुड़ा है। पूछताछ में ट्रक के मालिक तथा अन्य सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। एसटीएफ के अनुसार गिरोह के सदस्य कई वर्षों से गांजा तस्करी में संलिप्त हैं और खेप पहुंचाने के बदले अलग से रकम भी लेते हैं।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना मड़िहान, जनपद मिर्जापुर में मुकदमा अपराध संख्या 228/2026 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

