डेढ़ साल बाद भी अधूरा रामलीला मैदान, दशहरा नजदीक आते ही तैयारियों को लेकर बढ़ी चिंता
वाराणसी (जनवार्ता)। कोटवा गांव स्थित रामलीला एवं विजयादशमी मैदान में डेढ़ साल से चल रहा निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। दशहरा और श्रीरामलीला का आयोजन नजदीक आने के बावजूद मैदान में अभी कई काम बाकी हैं। इससे इस बार रामलीला और विजयादशमी आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति बनने लगी है।


स्थानीय लोगों के अनुसार जिलाधिकारी और बीडीओ के निर्देश तथा सेक्रेटरी की निगरानी में मैदान में निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। हाल ही में विजयादशमी मैदान में मंच निर्माण का कार्य भी शुरू हुआ है, लेकिन इसकी गति धीमी होने से ग्रामीणों में चिंता है। ग्रामीणों का कहना है कि आयोजन में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और मंच सहित अन्य जरूरी कार्य समय से पूरा करना जरूरी है।
ग्रामीणों ने ठेकेदार से निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ बचे हुए कार्यों को तत्काल पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि कोटवा क्षेत्र की चर्चित श्रीरामलीला और विजयादशमी का आयोजन निर्धारित समय पर होना है। यदि समय रहते मैदान तैयार नहीं हुआ तो आयोजन प्रभावित हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कर गुणवत्ता के साथ सभी लंबित कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय पर कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्या की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

