बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के गहने-नकदी ले गए चोर
वाराणसी (जनवार्ता)। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और गहने व नकदी से भरा बक्सा ही उठाकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, रखौना गांव निवासी सुरेंद्र प्रजापति का परिवार शुक्रवार की रात मकान बंद कर पास स्थित अपने मायके गया था। घर को खाली पाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। देर रात परिवार के लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर से बक्सा गायब था। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
पीड़ित के ससुर बचाऊ प्रजापति के मुताबिक, बक्से में सोने के कान के टॉप्स, बच्चे की चांदी की सिकड़ी, चांदी का ब्रेसलेट, चांदी का चंद्रमा और नकदी रखी थी। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। शनिवार सुबह पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ ही चोरों की तलाश में लगी है।

