प्राणघातक हमले के मुकदमे में बदले जाएंगे विवेचक
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर होगी जांच
वाराणसी (जनवार्ता) । लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र में हुए प्राणघातक हमले के मामले में पीड़िता प्रियंका राय की शिकायत पर पुलिस आयुक्त ने संज्ञान लेते हुए विवेचक बदलने के निर्देश दिए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए अब प्रकरण की विवेचना किसी अन्य अधिकारी को सौंपी जाएगी।

प्रियंका राय, पत्नी अनुराग राय, ने पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि 31 शुक्रवार की रात करीब 8:15 बजे उनके पति पर घर लौटते समय घर के मोड़ के पास कुछ स्थानीय असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल अनुराग राय का उपचार चल रहा है। घटना के संबंध में थाना लालपुर-पांडेयपुर में एफआईआर संख्या 0226/2026 दर्ज है।
प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि विवेचक धर्मेंद्र वर्मा मामले की जांच में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरत रहे हैं तथा साक्ष्यों का समुचित संकलन भी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पूछताछ करने पर उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी, जिससे निष्पक्ष जांच को लेकर उनकी आशंका बढ़ गई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचक बदलने की बात कहते हुए स्पष्ट किया कि प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पीड़ित पक्ष को न्याय मिल सके और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस आयुक्त के इस त्वरित हस्तक्षेप से पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच की उम्मीद जताई है।

