ऑपरेशन “म्यूल स्ट्राइक” : 6 अकाउंट धारकों पर मुकदमा
वाराणसी (जनवार्ता)। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन म्यूल स्ट्राइक” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ 4 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई साइबर क्राइम सेल एवं संबंधित थाना साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की है।

इस संबंध में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में डीसीपी गोमती जोन/क्राइम नीतू कादयान तथा एसीपी सारनाथ/साइबर विद्युत सक्सेना ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में साइबर अपराधों में प्रयुक्त म्यूल बैंक खातों की पहचान कर उनके संचालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, साइबर क्राइम सेल तथा थाना साइबर सेल सिगरा, भेलूपुर, चेतगंज और चौलापुर की संयुक्त जांच में ऐसे बैंक खातों का पता चला, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी से अर्जित धनराशि के लेन-देन और उसे छिपाने के लिए किया जा रहा था। जांच के दौरान 6 आरोपियों के खिलाफ 4 अभियोग पंजीकृत किए गए तथा 5 म्यूल खातों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि इन खातों के संबंध में एनसीसीआरपी (एनसीआरपी) पोर्टल पर कुल 51 शिकायतें दर्ज हैं। जांच के क्रम में इन खातों से जुड़ी लगभग 2.42 करोड़ रुपये की धनराशि होल्ड कराई गई है, जिससे साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत मिलने की संभावना बढ़ी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “ऑपरेशन म्यूल स्ट्राइक” के तहत आगे भी ऐसे बैंक खातों की पहचान कर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी व्यक्ति को कमीशन या लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक अथवा मोबाइल नंबर इस्तेमाल करने के लिए न दें, क्योंकि ऐसे खातों का उपयोग साइबर अपराधी ठगी की रकम को इधर-उधर करने में करते हैं और खाता धारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।

