हाइवे किनारे बंजर जमीन पर कब्जे की साजिश, निवर्तमान/प्रशासक ने एसडीएम सदर से शिकायत
वाराणसी(जनवार्ता): स्थानीय थाना क्षेत्र के गाजीपुर-वाराणसी हाईवे के किनारे बंजर पड़ी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर हड़कंप मच गया है। गांव नरपतपुर के निवर्तमान प्रधान सह प्रशासक ओमप्रकाश ने बुधवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर को लिखित शिकायत देकर इस आशय की गंभीर आशंका जताई है कि डुबकियां क्षेत्र के एक नामजद व्यक्ति द्वारा जबरन इस भूमि पर कब्जा करने की फिराक में है।निवर्तमान/ प्रशासक ने शिकायत में कहा कि हाईवे किनारे स्थित यह जमीन कई वर्षों से बंजर पड़ी है, लेकिन अब कुछ तत्वों की नजर इस पर पड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते इस भूमि का सीमांकन कराकर सरकारी कब्जे में नहीं लिया गया, तो कोई भी अवैध तत्व इसे हथियाने में कामयाब हो सकता है।

निवर्तमान प्रशासक ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने भी निवर्तमान प्रशासक के कदम का समर्थन किया है और कहा है कि भू-माफिया किसी भी हालत में इस जमीन पर कब्जा न कर पाए, इसके लिए प्रशासन को पहले से ही एहतियाती कदम उठाने चाहिए। खबर लिखी जाने तक इस संबंध में अधिकारियों का कोई आधिकारिक बयान नहीं मिल पाया है। प्रशासन से जल्द ही इस मामले में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

