पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की पहली प्राथमिकता : वैभव कृष्ण
वाराणसी (जनवार्ता)। पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने शनिवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की शिकायतें सुनीं। इस दौरान फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं डीआईजी के समक्ष रखीं।

डीआईजी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही सभी प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाए कि फरियादियों को समय से न्याय मिले।

