शिक्षामित्र सम्मान समारोह संपन्न
वाराणसी (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े मानदेय वितरण कार्यक्रम के शुभारंभ के क्रम में मंगलवार को वाराणसी के चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया तथा उनके शैक्षिक नवाचारों की प्रदर्शनी की सराहना की गई।


समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिक्षामित्रों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा को सशक्त बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदर्शनी में शिक्षण के नवीन तरीकों, टीएलएम (शिक्षण सामग्री) और नवाचारों को प्रदर्शित किया गया, जिसे अतिथियों ने सराहा।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेंद्र राय, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में शिक्षामित्रों ने भाग लिया। आयोजन के माध्यम से शिक्षामित्रों के मनोबल को बढ़ाने और उनके योगदान को सम्मानित करने का संदेश दिया गया।

