तेज रफ्तार बुलेट स्कूल के साइनबोर्ड से टकराई
तीन छात्र गंभीर घायल
वाराणसी (जनवार्ता)। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव में सोमवार शाम तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक निजी स्कूल के साइनबोर्ड से जा टकराई। हादसे में एक ही बाइक पर सवार काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद तीनों छात्र उछलकर करीब 30 मीटर दूर खेत में जा गिरे। गंभीर रूप से घायल एक छात्र को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार मिर्जामुराद स्थित काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र रतन कुमार, प्रतीक कुमार और श्रेष्ठ एक साथी की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर निगतपुर से मिर्जामुराद की ओर लौट रहे थे। गौर गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे निजी स्कूल के साइनबोर्ड से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों छात्र बाइक से उछलकर दूर खेत में जा गिरे। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। मिर्जामुराद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को खजूरी स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने श्रेष्ठ की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। अन्य दोनों छात्रों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बुलेट को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। मिर्जामुराद पुलिस के अनुसार घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

