पुलिस मुठभेड़ में सात लाख की लूट के दो आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। चेतगंज थाना क्षेत्र में करीब एक सप्ताह पूर्व हुई सात लाख रुपये की लूट का वाराणसी पुलिस ने सोमवार तड़के खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चेतगंज और रामनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, लूटकांड की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। सूचना मिलने पर कि दोनों आरोपी रामनगर क्षेत्र में मौजूद हैं, चेतगंज और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने भीटी क्षेत्र में घेराबंदी की।
बताया गया कि रामनगर बंदरगाह के पास पुलिस ने दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा भागने लगा। पुलिस ने करीब 100 मीटर तक पीछा कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सेठ और आशीष मौर्य के रूप में हुई है। घायल आकाश सेठ को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आशीष मौर्य को सुरक्षित हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चेतगंज क्षेत्र में हुई सात लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित थे। उनसे लूट की रकम, वारदात में शामिल अन्य साथियों तथा गिरोह के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

