पुलिस मुठभेड़ में 27 किलो चांदी लूटकांड के बाद दो अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में 27 किलो चांदी लूटकांड के बाद दो अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार

वाराणसी (जनवार्ता)। कमिश्नरेट पुलिस ने चौक थाना क्षेत्र में हुए 27 किलो से अधिक चांदी लूटकांड का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चार किलोग्राम चांदी की चार बटिया, 15,020 रुपये नकद, दो अवैध 315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह भी घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी, अपर पुलिस उपायुक्त काशी तथा सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध के निर्देशन में चौक थाना पुलिस, एसओजी और लंका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 अगस्त की देर रात लौटूबीर पुलिया के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, जिसके दौरान हुई मुठभेड़ में दोनों घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन (55 वर्ष) और माशाअल्लाह (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों अंतरराज्यीय अपराधी हैं और उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश, राजस्थान तथा दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि 17 जुलाई  को चौक थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा मोड़ के पास हेमा ज्वेलर्स के कर्मचारी लगभग 27 किलो 327 ग्राम चांदी की 26 बटिया लेकर महालक्ष्मी ज्वेलर्स जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों को निशाना बनाकर पूरी खेप लूट ली थी। घटना के संबंध में चौक थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

इसे भी पढ़े   अवैध गतिविधियों पर नकेल कसेगी एसओजी-2

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और लूटी गई शेष चांदी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

इस कार्रवाई में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह, लंका थाना प्रभारी राजकुमार सहित चौक थाना, एसओजी और लंका थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *