बेतरतीब पार्किंग पर पुलिस सख्त, दर्जनों वाहनों का चालान
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर में जाम की समस्या को लेकर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में कैंट थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान दर्जनों वाहनों का चालान किया गया।


प्रभारी निरीक्षक ने ऐसे प्रतिष्ठानों को भी चिन्हित किया, जिनके सामने बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित हो रहा था। उन्होंने संबंधित दुकानदारों और संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा उसकी निगरानी के लिए सुरक्षा कर्मी नियुक्त करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान मिंट हाउस इलाके स्थित कैंटोनमेंट रोड पर सहकारिता भवन के नीचे संचालित शिव शंकर कचौड़ी दुकान के सामने बड़ी संख्या में वाहन बेतरतीब खड़े मिले। इस पर पुलिस ने नाराजगी जताते हुए दुकानदार को फटकार लगाई और व्यवस्था दुरुस्त करने की सख्त हिदायत दी। बताया गया कि इससे पहले भी संबंधित दुकानदार को कई बार चेतावनी दी जा चुकी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों ने तत्काल अपने वाहन हटाने शुरू कर दिए। अधिकारियों का कहना है कि सड़क जाम की समस्या से निपटने के लिए आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

