घर लौट रहे आरपीएफ जवान की ट्रेन में बिगड़ी तबीयत, सफर के दौरान मौत
गोरखपुर (जनवार्ता)। छुट्टी पर घर लौट रहे आरपीएफ के एक हेड कांस्टेबल की ट्रेन में सफर के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतक की पहचान देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के अर्जुनडीहा गांव निवासी तेज प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वह वाराणसी के मडुआडीह रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे।
जानकारी के मुताबिक तेज प्रताप सिंह छुट्टी लेकर अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस से अपने घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और वह अचेत हो गए। साथ में मौजूद सहकर्मियों ने इसकी सूचना परिजनों के साथ गोरखपुर आरपीएफ और जीआरपी को दी।
बुधवार शाम करीब सवा छह बजे ट्रेन के गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर पहुंचने के बाद जीआरपी ने शव को ट्रेन से नीचे उतारा। इस दौरान मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई।
कार्यवाहक एसएसआई जीआरपी वीवी राजभर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।

