रामनगर की बेटियों को बड़ी सौगात, राधा किशोरी कॉलेज बना पीएम श्री विद्यालय
वाराणसी (जनवार्ता)। रामनगर क्षेत्र की छात्राओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का चयन केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम श्री (प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया) योजना के तहत किया गया है। इसके साथ ही यह विद्यालय अब पीएम श्री विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां छात्राओं को आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विद्यालय को पीएम श्री योजना में शामिल किए जाने के बाद यहां राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। इससे छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल संसाधनों और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति का लाभ मिलेगा। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्र की छात्राओं को भी महानगरों के आधुनिक शिक्षण संस्थानों जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय में स्मार्ट कक्षाओं के लिए डिजिटल बोर्ड लगाए जाएंगे। विज्ञान शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक प्रयोगशालाओं का निर्माण एवं उन्नयन किया जाएगा। साथ ही सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) लैब की स्थापना की जाएगी, जिससे छात्राएं कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक से जुड़ी शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।
इसके अतिरिक्त विद्यालय में टिंकरिंग लैब भी विकसित की जाएगी, जहां छात्राएं विज्ञान, रोबोटिक्स, नवाचार और प्रयोगात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक एवं तकनीकी क्षमताओं को निखार सकेंगी। योजना के क्रियान्वयन से विद्यालय का समग्र शैक्षिक वातावरण बेहतर होगा और छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।


