डाक विभाग की ‘ढाई आखर’ राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता शुरू

डाक विभाग की ‘ढाई आखर’ राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता शुरू

विजेताओं को मिलेंगे 50 हजार रुपये तक के पुरस्कार

वाराणसी (जनवार्ता) । भारतीय डाक विभाग ने नई पीढ़ी में पत्र लेखन की परंपरा को बढ़ावा देने और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर की ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “धरती माँ के नाम एक पत्र : प्रकृति की रक्षा का मेरा संकल्प” रखा गया है।

rajeshswari

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में किसी भी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं। इसमें दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं—18 वर्ष तक तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग। प्रतिभागियों को संबंधित परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल के नाम हाथ से पत्र लिखकर भेजना होगा। पत्र डाक विभाग द्वारा जारी अंतर्देशीय पत्र या लिफाफे में ही स्वीकार किए जाएंगे। 18 वर्ष तक के प्रतिभागी अधिकतम 500 शब्द तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी अधिकतम 1000 शब्दों में हिंदी, अंग्रेजी या स्थानीय भाषा में पत्र लिख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टियां 1 अगस्त से 31 अक्टूबर, 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। पत्र में प्रतिभागी का नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर तथा विद्यालय का नाम (यदि लागू हो) अंकित करना अनिवार्य होगा। स्कूल और कॉलेज भी डाक विभाग के सहयोग से अपने संस्थानों में इस प्रतियोगिता का आयोजन कर सकते हैं।

कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। परिमंडलीय (राज्य) स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 25 हजार, 10 हजार और 5 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 50 हजार, 25 हजार और 10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। देशभर में कुल 40 लाख 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

इसे भी पढ़े   101 मोबाइल चोरी के इनामिया को 5 साल बाद पुलिस ने दबोचा

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में रचनात्मकता, मौलिकता और आत्म-अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें भारतीय डाक सेवा और फिलेटली से जोड़ना है। प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित डाक मंडल के अधीक्षक अथवा प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर से संपर्क किया जा सकता है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *