आरएस शिवमूर्ति पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाई गई दिवाली, बच्चों की रंगोली और हस्तनिर्मित दीयों ने मोहा मन
रोहनिया, वाराणसी। दीपावली के पावन अवसर पर रोहनिया स्थित आरएस शिवमूर्ति पब्लिक स्कूल में दिवाली सेलिब्रेशन कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाईं और अपने हाथों से आकर्षक दीये व दिवाली से जुड़े विभिन्न प्रकार के क्राफ्ट तैयार किए। पूरे विद्यालय परिसर में बच्चों की कलात्मक प्रस्तुतियों से दीपावली की रौनक देखने को मिली।


कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों द्वारा तैयार किए गए दीयों, रंगोलियों और विभिन्न हस्तनिर्मित कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ अपनी बनाई हुई वस्तुओं को शिक्षकों, अभिभावकों और अन्य विद्यार्थियों के सामने प्रस्तुत किया। बच्चों की मेहनत और रचनात्मकता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय परिसर में सजी रंगोलियों और आकर्षक दीयों ने उत्सव के माहौल को और भी खास बना दिया।

विद्यालय के डायरेक्टर योगेंद्र प्रताप सिंह और प्रिंसिपल राकेश तिवारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए दीयों और दीपावली से संबंधित विभिन्न क्राफ्ट की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की ओर से तैयार किए गए दीयों को खरीदकर उनके प्रयासों को प्रोत्साहित भी किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ और शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कोऑर्डिनेटर साधना वर्मा और वी. कोऑर्डिनेटर अनुराधा सिंह ने आयोजन में सहयोग किया। वहीं, एक्टिविटी इंचार्ज गुड़िया सिंह और आकांक्षा मिश्रा के निर्देशन में पूरे कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही, दीपावली के पर्व को रचनात्मकता, आपसी सहयोग और उत्साह के साथ मनाने का संदेश भी दिया गया। विद्यालय का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए यादगार रहा।

