छठमय हुआ वाराणसी कैंट स्टेशन, पारंपरिक गीतों से श्रद्धालुओं का स्वागत

छठमय हुआ वाराणसी कैंट स्टेशन, पारंपरिक गीतों से श्रद्धालुओं का स्वागत

एलईडी स्क्रीन पर दिख रही छठ पूजा की झलक, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम

वाराणसी (जनवार्ता)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर काशी के रेलवे स्टेशनों पर भी पर्व का रंग दिखाई देने लगा है। दीपावली के बाद छठ पूजा मनाने के लिए अपने घरों को लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। वाराणसी कैंट और बनारस रेलवे स्टेशन पर पारंपरिक छठ गीतों के माध्यम से श्रद्धालुओं का स्वागत किया जा रहा है। स्टेशनों पर छठी मइया के गीतों की मधुर धुन यात्रियों को पर्व के माहौल से जोड़ रही है।

rajeshswari

रेलवे की इस पहल के तहत कैंट स्टेशन पर अनाउंसमेंट के साथ छठ के पारंपरिक गीत बजाए जा रहे हैं। वहीं, एलईडी स्क्रीन पर छठ पूजा से जुड़ी तस्वीरें और पोस्टर प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इससे स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों को अपने घर और लोक परंपरा से जुड़ाव का एहसास हो रहा है। बनारस स्टेशन पर भी छठ गीतों के जरिए यात्रियों का स्वागत किया जा रहा है।

स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता के अनुसार, छठ पर्व में लोकगीतों का विशेष महत्व है। इन गीतों के माध्यम से सूर्योपासना, लोक परंपरा और आस्था की झलक मिलती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने स्टेशनों पर अधिकृत छठ गीतों के प्रसारण की व्यवस्था की है।

30 नवंबर तक चलेंगी सात स्पेशल ट्रेनें

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वाराणसी जंक्शन से सात विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ये ट्रेनें साप्ताहिक, द्विसाप्ताहिक और त्रिसाप्ताहिक आधार पर 30 नवंबर तक चलेंगी। इनके माध्यम से चंडीगढ़, माता वैष्णो देवी, लोकमान्य तिलक टर्मिनस और दिल्ली सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे। इसके अलावा करीब 35 से 40 जोड़ी ट्रेनें अन्य मंडलों से होकर वाराणसी जंक्शन से गुजरती हैं।

इसे भी पढ़े   वाणी पर नियंत्रण से मिलेगा कुबेर का खजाना

होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट काउंटर और हेल्प डेस्क

स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया बनाया गया है। प्रवेश और निकास द्वार पर हेल्प डेस्क के साथ अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जीआरपी और आरपीएफ के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियों को भी अलर्ट रखा गया है।

छठ गीत सुनकर यात्रियों में खुशी

स्टेशन पर छठ के पारंपरिक गीत सुनकर यात्रियों में भी खुशी देखी जा रही है। खासकर बिहार जाने वाले यात्रियों को स्टेशन पर ही छठ पर्व का माहौल मिलने से अपने घर और परिवार की याद ताजा हो रही है। हालांकि, ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के कारण यात्रियों को सफर में परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। रेलवे की ओर से सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *