स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के कर्मचारियों ने किया एक दिवसीय कार्य बहिष्कार, 8 सूत्रीय मांगें रखीं
सोनभद्र (जनवार्ता)। । स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण (पंचायती राज विभाग) के आउटसोर्स कर्मचारियों ने शनिवार को एक दिवसीय कार्य बहिष्कार कर अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। मानदेय बढ़ाने, पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज, 20 लाख रुपये के एक्सीडेंटल बीमा और महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश सहित अन्य मांगों को लेकर कंसलटेंट एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (सेवा) के बैनर तले जिला कंसलटेंट, लेखाकार, खंड प्रेरक और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने कार्यालय में उपस्थिति तो दी, लेकिन काम नहीं किया।

संस्था के अनुसार 2014 से अब तक मिशन के 33 कर्मचारी मृत्यु को प्राप्त हो चुके हैं, लेकिन उनके परिवारों को कोई सहायता नहीं मिली। कर्मचारियों ने पंचायती राज विभाग के निदेशक/मिशन निदेशक को संबोधित ज्ञापन भेजकर मांगें मानने का अनुरोध किया है। जिला कंसलटेंट किरण सिंह ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगें रख रहे हैं, लेकिन निदेशालय की हठधर्मिता के कारण उन्हें न्याय और सम्मान नहीं मिल पा रहा। संगठन संवैधानिक तरीके से किसी भी सीमा तक जाने के लिए तैयार है।
मुख्य मांगों में मानदेय को गाइडलाइन के अनुसार तय करना और प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत बढ़ोतरी, पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज, 20 लाख रुपये का एक्सीडेंटल बीमा, मृतक कर्मचारियों के परिवारों को सहायता, महिला कर्मचारियों को मानदेय सहित मातृत्व अवकाश, एचआर पॉलिसी बनाना, राज्य-जिला-ब्लॉक स्तर पर पारस्परिक स्थानांतरण तथा मानदेय से काटे गए जीएसटी व सर्विस टैक्स की वापसी शामिल हैं।
सेवा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल केसरी ने आरोप लगाया कि अब तक कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन केवल आश्वासन देकर टाला जा रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि 29 नवंबर को जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया जाएगा। 30 नवंबर को उपनिदेशक पंचायत के माध्यम से निदेशक को ज्ञापन भेजा जाएगा। मांगें न मानी गईं तो एक दिसंबर से पूरे प्रदेश में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। उसके बाद भी ठोस निर्णय नहीं हुआ तो सात दिसंबर को पंचायती राज निदेशालय और मंत्री के आवास का घेराव कर आवाज बुलंद की जाएगी।

