88 में से 60 लेखपाल मिले अनुपस्थित, एसडीएम ने जारी किया स्पष्टीकरण
सुधार नहीं हुआ तो निलंबन की चेतावनी
सकलडीहा। तहसील क्षेत्र में लेखपालों की कार्यशैली और निर्धारित समय पर उपस्थिति को लेकर मिल रही शिकायतों को एसडीएम आकांक्षा सिंह ने गंभीरता से लिया है। मंगलवार को एसडीएम ने तहसील पहुंचकर लेखपालों की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 88 लेखपालों में से 60 अनुपस्थित पाए गए। बड़ी संख्या में लेखपालों के अनुपस्थित मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित लेखपालों को तत्काल अनुपस्थित दर्ज कराया और उनसे स्पष्टीकरण मांगा।

ग्रामीणों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आय, जाति, निवास, वरासत और भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए तहसील आने पर कई बार लेखपाल कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहते हैं। लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में होने का हवाला देकर लेखपाल निर्धारित समय पर तहसील मुख्यालय में उपस्थित नहीं रहते और कई बार फोन भी नहीं उठाते। इससे फरियादियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
शिकायतों के बाद एसडीएम ने मंगलवार को स्वयं उपस्थिति पंजिका की जांच की। जांच में 88 में से 60 लेखपाल अनुपस्थित मिले। इसके बाद सभी अनुपस्थित लेखपालों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसडीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यशैली में सुधार नहीं होने और भविष्य में लापरवाही मिलने पर निलंबन सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने निर्देश दिया कि फरियादियों की समस्याओं और सरकारी कार्यों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई से फरियादियों में संतोष है।

