धर्म छिपाकर शादी करने का आरोपी दोबारा गिरफ्तार, कोतवाली से फरार होने के बाद मुंबई तक चली तलाश
वाराणसी (जनवार्ता) । वाराणसी पुलिस ने धर्म छिपाकर हिंदू युवती से शादी करने के आरोपित आफताब अंसारी को एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 24 अप्रैल को कोतवाली थाने से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, जिसके बाद उसकी तलाश में पुलिस की टीमें प्रयागराज, दिल्ली और मुंबई तक भेजी गई थीं।

पुलिस के अनुसार, एसीपी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में लगातार लोकेशन ट्रैकिंग और दबिश के जरिए आरोपी की तलाश की जा रही थी। मुंबई में घेराबंदी के बावजूद वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था, लेकिन अंततः वाराणसी लौटने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
आरोपी आफताब अंसारी शादी समारोहों में भोजन बनाने का ठेका लेने का काम करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवती से हुई। आरोप है कि उसने अपना नाम ‘अमित’ बताकर युवती से दोस्ती बढ़ाई और बाद में शादी कर ली। शादी के बाद आरोपी युवती को अपने घर ले जाने के बजाय लहरतारा क्षेत्र की नई बस्ती में किराए के मकान में रखने लगा।
जब युवती को आरोपी की वास्तविक पहचान की जानकारी हुई और उसने विरोध किया, तो उस पर कथित रूप से धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। प्रताड़ना से परेशान युवती किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली थाने में आरोपी आफताब उर्फ अमित, उसके पिता नबी रसूल सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने पहले आरोपी को गिरफ्तार किया था, लेकिन वह थाने से फरार हो गया था। कोतवाली से फरार होने के बाद आरोपी ने पुलिस को लंबे समय तक छकाया, लेकिन आखिरकार पुलिस की सतर्कता के चलते उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

