एयर गन से पिल्ले को गोली मारने का आरोप, कॉलोनीवासियों में आक्रोश
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की उठी मांग
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर के खजूरी स्थित इंद्रानगर कॉलोनी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कॉलोनी के एक व्यक्ति पर मासूम पिल्ले को एयर गन से गोली मारने का आरोप लगा है। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिल्ले ने कथित रूप से आरोपी के मकान के सामने गंदगी कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने एयर गन से उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद घायल पिल्ला काफी देर तक तड़पता रहा। मौके पर मौजूद गार्ड और कॉलोनीवासियों ने किसी तरह उसे बचाने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू हो गई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बेजुबान जानवरों के साथ इस प्रकार की क्रूरता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।
सूत्रों के अनुसार, घटना में गुलाब सिंह नामक व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन एवं पशु संरक्षण संगठनों से आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

