कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन सख्त
पांडेयपुर में आकाश इंस्टीट्यूट का हुआ निरीक्षण
वाराणसी (जनवार्ता) । हाल ही में हुए इंस्टीट्यूट अग्निकांड के बाद शहर के कोचिंग सेंटरों, इंस्टीट्यूट और अन्य शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फायर सेफ्टी, आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण, पार्किंग व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच पर जोर दिया जा रहा है।


इसी क्रम में पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह ने क्षेत्र स्थित आकाश इंस्टीट्यूट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी अलार्म, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास मार्ग तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही संस्थान प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-समय पर ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि शिक्षण संस्थानों में नियमित सुरक्षा ऑडिट और मॉक ड्रिल आयोजित किए जाने से संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है, जिससे विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

