क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में बीएचयू की बड़ी छलांग, पहली बार 951-1000 श्रेणी में हासिल की जगह
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने वैश्विक शिक्षा जगत में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। प्रतिष्ठित क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 में विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए 951-1000 श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है। पिछले वर्ष बीएचयू 1001-1200 श्रेणी में शामिल था।
विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रदर्शन मानकों में भी सकारात्मक प्रगति दर्ज की गई है। प्रति संकाय उद्धरण (Citations per Faculty) का स्कोर 18.8 से बढ़कर 20.8 हो गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क (International Research Network) का स्कोर 59.3 से बढ़कर 67.4 पहुंच गया है। यह विश्वभर के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के साथ बीएचयू के बढ़ते अकादमिक सहयोग को दर्शाता है।
अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि के साथ-साथ नियोजक प्रतिष्ठा (Employer Reputation) के क्षेत्र में भी सुधार दर्ज किया गया है। इस श्रेणी में विश्वविद्यालय का स्कोर 10.6 से बढ़कर 11.4 हो गया है।
सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि सततता (Sustainability) के क्षेत्र में रही है। इस श्रेणी में बीएचयू का स्कोर 44.5 से बढ़कर 61.3 हो गया, जो एक वर्ष में लगभग 37.8 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार 951-1000 श्रेणी में स्थान प्राप्त करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बीएचयू का लक्ष्य केवल बेहतर रैंकिंग हासिल करना नहीं, बल्कि शिक्षा, शोध और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का वास्तविक केंद्र बनना है।


