सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार की मौत
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना ओवरब्रिज पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसा पीछे से आ रही एक चार पहिया वाहन की टक्कर से हुआ। दुर्घटना के बाद कार सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सिगरा क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय अरुण कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि अरुण कुमार सिंह मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तरना ओवरब्रिज पर पीछे से आ रही एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव को शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस फरार वाहन सवारों की तलाश में जुटी है।


