वाराणसी : अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
मकान मालिकिन ने जताया विरोध, परिवार बेघर
वाराणसी (जनवार्ता): नगर निगम वाराणसी द्वारा अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को चितईपुर थाना क्षेत्र के बरईपुर कंदवा इलाके में एक मकान पर बुलडोजर चला दिया गया। कार्रवाई के दौरान मकान मालिकिन और परिवार के सदस्यों ने जोरदार विरोध किया।

अपर नगर अधिकारी अनिल यादव के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच यह कार्रवाई की। प्रशासन का दावा है कि मकान अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर बना था, जिसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
मकान में रह रही महिलाओं ने कार्रवाई का तीखा विरोध करते हुए कहा कि वे लंबे समय से इस घर में रह रही थीं और उनके पास मकान संबंधी सभी कागजात मौजूद हैं। महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने अधिकारियों को दस्तावेज दिखाने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने उनकी कोई बात नहीं सुनी और जबरन मकान तोड़ दिया। इस कार्रवाई से पूरा परिवार बेघर हो गया है।
एक प्रभावित महिला ने कहा, “सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन यहां महिलाओं को सड़क पर ला दिया गया है। हमने सब कागजात दिखाए, फिर भी हमारा मकान तोड़ दिया गया।”
नगर निगम अधिकारियों ने महिलाओं के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कार्रवाई पूर्ण रूप से कानून के अनुसार की गई है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान से शहर को सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल रहा। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया हुआ है।

