रेस्टोरेंट बंद कर घर लौट रहे संचालक पर जानलेवा हमला
कार में टक्कर के बाद लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पीटा, नकदी व सोने के आभूषण छीने
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट बंद कर घर लौट रहे संचालक की कार में टक्कर मारने के बाद बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि पांच-छह लोगों ने लाठी-डंडे व लोहे के हथियार से उन्हें बेरहमी से पीटा और कार की चाबी, कलाई घड़ी, सोने की अंगूठी, चेन व करीब 10 हजार रुपये नकद छीन लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

सूर्यनगर कॉलोनी, गिलट बाजार निवासी शिवेन्द्र प्रताप सिंह इन्द्रपुर, शिवपुर बैरीवीर में हंगर ओ क्लॉक रेस्टोरेंट संचालित करते हैं। तहरीर के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह रेस्टोरेंट बंद कर कार से घर लौट रहे थे। बैरीवीर और इन्द्रपुर के बीच एक चार पहिया वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी। विरोध करने पर वाहन सवार युवक ने गाली-गलौज करते हुए उनका कॉलर पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
शिवेन्द्र के जमीन पर गिरने के बाद आरोपित ने तीन-चार अन्य लोगों को भी बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर लोहे के हथियार से उनकी पिटाई की। जान बचाने के लिए जब वह इन्द्रपुर चौराहे की ओर भागे तो आरोपित पीछा करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने उनके हाथ से कार की चाबी, कलाई घड़ी, सोने की अंगूठी और गले की चेन छीन ली। इसके बाद कार में बैठकर भागने का प्रयास किया। रास्ते में खड़े दोपहिया वाहनों को भी टक्कर मार दी, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि आरोपित कार लेकर भागने में सफल नहीं हुए। पीड़ित के मुताबिक, आरोपित करीब 10 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने पांच-छह अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कांशीराम चौकी इंचार्ज अम्बरीश दुबे को सौंपी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

