ई-लॉटरी से चयनित किसानों को सरसों बीज मिनीकिट वितरित
सेवा संकल्प अभियान के तहत काशी विद्यापीठ में बहुउद्देशीय सेवा शिविर का आयोजन
वाराणसी (जनवार्ता)। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा जनसेवा एवं किसान कल्याण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड काशी विद्यापीठ में बहुउद्देशीय सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शामिल हुए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों शुद्धू राम, रविशंकर, मोती, राजेंद्र सहित अन्य किसानों को सरसों बीज मिनीकिट वितरित किए। बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

किसानों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और कृषि निवेश उपलब्ध कराकर उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

